धीना। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी के पीछे बने स्वास्थ्य कर्मियों के आवास में सांप निकलने से हड़कंप मच गया। आवास में सांप दिखाई देने के बाद स्वास्थ्य कर्मियों और उनके परिवारों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी अस्पताल परिसर में कई बार सांप देखे जा चुके हैं। सपेरे को बुलाकर सांप को पकड़वा तो दिया गया, लेकिन परिसर में अन्य सांपों के होने की आशंका से कर्मचारियों का डर कम नहीं हो रहा है।

जानकारी के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी के पीछे स्वास्थ्य कर्मियों के रहने के लिए आवास बनाए गए हैं। यहां अस्पताल में तैनात वार्ड बॉय, स्वीपर और सुरक्षा कर्मी अपने परिवार के साथ रहते हैं। बुधवार को छोटे राम के आवास में अचानक सांप दिखाई देने से अफरा-तफरी मच गई। इसकी सूचना तत्काल प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र कुमार को दी गई। इसके साथ ही सांप पकड़ने के लिए सपेरे को बुलाया गया।

सूचना मिलने के कुछ देर बाद रामपुर गांव निवासी एक सपेरा मौके पर पहुंचा। इस दौरान सांप देखने के लिए अस्पताल परिसर में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्वास्थ्य कर्मियों के अलावा अस्पताल से सटी दलित बस्ती के लोग भी मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद सपेरे ने सांप को पकड़ लिया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

खेतों में पानी भरने से परिसर में पहुंच रहे सांप
स्वास्थ्य कर्मियों सुदामा राम, तेज प्रताप भारती और ओमप्रकाश चौधरी का कहना है कि अस्पताल के आसपास खेत मौजूद हैं। इन दिनों खेतों में पानी भरा होने के कारण सांप सुरक्षित स्थान की तलाश में अस्पताल परिसर और आवासों की ओर आ रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि पहले भी परिसर में सांप दिखाई दे चुके हैं। ऐसे में आशंका बनी हुई है कि आसपास अन्य सांप भी मौजूद हो सकते हैं।

रात में सर्पदंश का सता रहा डर, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि आवासों में उनके परिवार और बच्चे भी रहते हैं। ऐसे में सांपों की मौजूदगी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। खासकर रात के समय सर्पदंश का खतरा बना रहता है। कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर और आवासों के आसपास साफ-सफाई कराने, झाड़ियों को हटवाने तथा नियमित निगरानी की जरूरत बताई है।

अब सवाल यह है कि स्वास्थ्य कर्मियों और उनके परिवारों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार विभाग कब ठोस कदम उठाएगा? अस्पताल परिसर में बार-बार सांप निकलने की घटनाएं किसी गंभीर हादसे का इंतजार कर रही हैं। ऐसे में संबंधित अधिकारियों को तत्काल साफ-सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराने चाहिए।