सोनार नरहरी सेना ने सर्राफा व्यापारी के उत्पीड़न के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो 2027 के चुनाव में वाराणसी दक्षिणी विधानसभा में भाजपा का विरोध किया जाएगा।
सकलडीहा। सोनार समाज को एकजुट करने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सोनार नरहरि सेना लगातार सक्रिय रूप से प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में वाराणसी के मैदागिन स्थित स्वर्णकार समाज धर्मशाला, दारानगर में राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक के दौरान मुख्य रूप से सर्राफा व्यापारी अनिल सेठ टाइगर के खिलाफ एक भाजपा नेता द्वारा चौक थाने में दी गई तहरीर और कथित उत्पीड़न के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार वर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन द्वारा वह तहरीर वापस नहीं ली जाती और मामले का उचित समाधान नहीं निकाला जाता है, तो आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में वाराणसी दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में सोनार समाज भारतीय जनता पार्टी का कड़ा विरोध करेगा। उन्होंने कहा कि अकेले दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में सोनार समाज के 30 से 32 हजार मतदाता हैं जो पूरी तरह एकजुट हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत में समाज के पुरोधा स्व. मोतीलाल सेठ को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके उपरांत सर्वसम्मति से स्वर्णकार समाज वाराणसी का पुनर्गठन किया गया, जिसमें मुरलीधर सेठ और धर्मेन्द्र कुमार वर्मा को संरक्षक, दिनेश कुमार सेठ को अध्यक्ष, मनोज सिंह स्वर्णकार को महामंत्री तथा संजय कुमार सेठ (संजू) को कोषाध्यक्ष पद पर चुना गया।
बैठक में समाज के तमाम गणमान्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दिनेश कुमार वर्मा ने किया तथा आए हुए अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार वर्मा द्वारा किया गया।