कमालपुर। कमालपुर स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में शुक्रवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता ‘कुरुक्षेत्र-2026’ का भव्य आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। 100 मीटर दौड़ में कक्षा पांच ए के सात्विक यादव ने प्रथम स्थान हासिल कर बाजी मारी।

कार्यक्रम का शुभारंभ सेंट जोसेफ स्कूल चंदौली एवं वाराणसी के निदेशक अनिल जोसेफ ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में कमालपुर के पुलिस निरीक्षक जयकरन सरोज उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य नेल्सन चेरियन, जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) दिलीप चंद्रन, शशिकांत मिश्रा, केके यादव, तेजा सर, चंदन सर, सुनील सर और चंद्रा सर सहित समस्त शिक्षकगण एवं अभिभावक मौजूद रहे।
03

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने दौड़ सहित विभिन्न खेलकूद स्पर्धाओं में पूरे जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चों ने अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना का परिचय देते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 100 मीटर दौड़ में सात्विक यादव ने प्रथम, आदित्य यादव ने द्वितीय और अर्जुन यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।


इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलकूद शिक्षा का अभिन्न अंग है। इससे विद्यार्थियों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। साथ ही अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग, टीम भावना और विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष करने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य नेल्सन चेरियन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेलकूद एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी समान महत्व दिया जाता है, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।

अंत में उत्साहपूर्ण माहौल में प्रतियोगिता का समापन हुआ। ‘कुरुक्षेत्र-2026’ विद्यार्थियों के लिए अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का बेहतर मंच साबित हुआ।