चंदौली। नगर पंचायत के वार्ड नंबर 14 गांधी नगर स्थित सूर्या जूनियर हाई स्कूल में शनिवार को मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया। वहीं, अभिभावकों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना की।

समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य राधेश्याम पाल ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता के पीछे उनकी मेहनत, शिक्षकों का मार्गदर्शन और अभिभावकों का सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने का उद्देश्य उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और अन्य बच्चों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि बच्चों में अच्छे संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।

वरिष्ठ शिक्षक सुरेश मौर्य ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जरूरत है कि उसे सही मार्गदर्शन और आगे बढ़ने का अवसर मिले। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन करने तथा असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर विद्यार्थी जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों के सम्मान से विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। इस अवसर पर  मनीषा, खुशी, नाजिया, प्रीति, नंदिनी, खुशबू, ओपी, अनिल, प्रेम, संजय श्रीवास्तव, प्रेमलता, ताहिर, विष्णु कांत, उपेंद्र मौर्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे।