बरहनी में आयोजित सत्संग के दौरान स्वामी श्रद्धानंद महाराज ने गीता उपदेश देते हुए कहा कि मनुष्य का कर्म ही उसका भविष्य तय करता है और अनुशासन से ही जीवन में सफलता मिलती है।
चंदौली। मां मंशा देवी बरहनी के सभागार में मंगलवार को भव्य सत्संग का आयोजन किया गया। इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में बख्तियारपुर (पटना, बिहार) से पधारे स्वामी श्रद्धानंद महाराज ने उपस्थित श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत गीता का पाठ पढ़ाया और जीवन में सत्कर्म तथा अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला।
सत्संग को संबोधित करते हुए स्वामी श्रद्धानंद महाराज ने कहा कि मनुष्य का कर्म ही उसके भविष्य का निर्धारण करता है। उन्होंने उपस्थित युवाओं को प्रेरणा देते हुए कहा कि संघर्ष से ही सफलता की राह आसान होती है। जीवन में व्यक्ति जो भी शुभ या अशुभ कार्य करता है, उसका फल उसे अवश्य भोगना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बड़े भाग्य से मानव शरीर प्राप्त होता है, इसलिए मनुष्य को सदैव सत्कर्म कर अपने जीवन को सार्थक बनाना चाहिए।
स्वामी जी ने नियमित रूप से गीता का पाठ करने का आह्वान करते हुए कहा कि गीता हमें जीवन में अनुशासन सिखाती है और अनुशासन के बल पर ही किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ना संभव है। प्रवचन के दौरान उन्होंने रामचरितमानस की चौपाइयों का मर्म समझाया, जिसे सुनकर उपस्थित श्रोता भावविभोर हो गए।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रबंधक सुनील सिंह एवं अन्य गणमान्य लोगों ने स्वामी श्रद्धानंद महाराज का माल्यार्पण कर भावभीना स्वागत किया। इस अवसर पर समर बहादुर सिंह, अखिलेश सिंह, विशाल सिंह, अजीत, जयप्रकाश, अशोक वर्मा, हरिओम तिवारी, दिवाकर तिवारी, अनिल, अलका और खुशी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।