ताजपुर के एम्ब्रोसिया स्कूल मैदान में दशहरा पर 40 फीट ऊंचे रावण के प्रतीकात्मक पुतले का दहन किया गया। वहीं, सकलडीहा में लगातार दूसरे वर्ष रामलीला और रावण दहन नहीं होने से लोगों में आक्रोश और मायूसी रही। आयोजन बंद होने से स्थानीय दुकानदारों की रोजी-रोटी पर भी असर पड़ा।
सकलडीहा। विजयादशमी पर ताजपुर स्थित एम्ब्रोसिया स्कूल के खेल मैदान में 40 फीट ऊंचे रावण के प्रतीकात्मक पुतले का दहन किया गया। वहीं, सकलडीहा कस्बे में लगातार दूसरे वर्ष रामलीला और रावण दहन का आयोजन नहीं होने से क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश और मायूसी देखने को मिली।
ताजपुर में दशहरा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राम-लक्ष्मण संवाद और राम-रावण युद्ध का मंचन किया गया। शाम करीब सात बजे भगवान राम के तीर लगते ही रावण का पुतला धू-धू कर जल उठा। इस दौरान मौजूद बच्चों और दर्शकों ने जय श्रीराम के नारे लगाए। कार्यक्रम में छात्रों ने गरबा और डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया।

शिक्षकों और छात्रों की पहल पर तैयार किए गए 40 फीट ऊंचे रावण के प्रतीकात्मक पुतले के दहन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे। क्षेत्रीय लोगों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम संयोजक अरविंद सिंह ने बताया कि बच्चों को विजयादशमी पर्व के महत्व और बुराई पर अच्छाई की जीत के संदेश से परिचित कराने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सकलडीहा में रामलीला और रावण दहन नहीं होने से निराशा
दूसरी ओर, सकलडीहा कस्बे में दुर्गा पूजा सेवा समिति की ओर से पिछले कई वर्षों से आयोजित होने वाली रामलीला और दशहरा पर रावण दहन का कार्यक्रम लगातार दूसरे साल नहीं हुआ। इससे आसपास के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों और महिलाओं को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।

शारदीय नवरात्र के दौरान दस दिनों तक चलने वाली रामलीला और दशहरा पर रावण दहन के आयोजन में हजारों की संख्या में लोग जुटते थे। कार्यक्रम के चलते क्षेत्र में चहल-पहल बनी रहती थी और छोटे दुकानदारों व पटरी व्यवसायियों को भी रोजगार मिलता था। समिति के लोगों के साथ विवाद के बाद कार्यक्रम बंद होने से स्थानीय कारोबार पर असर पड़ने की बात कही जा रही है। आयोजन नहीं होने से लोगों में भारी मायूसी रही।
ताजपुर में विद्यालय की पहल पर रावण दहन का आयोजन होने से क्षेत्र में दशहरा का उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में मुकुंद बिहारी सिंह, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, अरविंद सिंह, अरुण सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।