वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित एयर शो को लेकर चंदौली में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए। डीएम चंद्र मोहन गर्ग और एसपी आकाश पटेल ने डुमरी, सुजाबाद, कटेसर, बहादुरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
चंदौली। वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित भव्य एयर शो को देखते हुए चंदौली जनपद में प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। कार्यक्रम के दौरान डुमरी, सुजाबाद, कटेसर, बहादुरपुर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग तथा दर्शकों की सुविधाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्वयं भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

डीएम ने सुविधाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दर्शकों के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था, यातायात संचालन, पार्किंग और स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि एयर शो देखने के लिए दूर-दराज से आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जाएं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अपने दायित्वों का पूरी सतर्कता के साथ निर्वहन करने तथा आमजन की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
एसपी ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण पर दिया जोर
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और भीड़ नियंत्रण को व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात व्यवस्था पर निगरानी रखने तथा आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी प्रबंधों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।
प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने पूरे कार्यक्रम के दौरान भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी की। प्रशासन के अनुसार 24 अक्टूबर को आयोजित एयर शो का कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।