वाराणसी खंड-शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव 2026 के तहत चंदौली में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। शिक्षक चुनाव में 71.70% और स्नातक चुनाव में 43.38% वोट पड़े। DM और SP की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर मतदान किया।
चंदौली। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव-2026 के लिए शुक्रवार को चंदौली जनपद में मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पूरी तरह पारदर्शी माहौल में सकुशल संपन्न हो गया। सुबह से ही केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं और पूरे दिन लोकतांत्रिक प्रक्रिया में लोगों का उत्साह चरम पर रहा।
आंकड़ों में मतदान
चुनाव आयोग द्वारा जारी अनंतिम आंकड़ों के अनुसार:
खंड शिक्षक चुनाव: शिक्षकों ने उत्साह दिखाते हुए रिकॉर्ड 71.70% मताधिकार का प्रयोग किया।
खंड स्नातक चुनाव: स्नातकों की सहभागिता के साथ 43.38% मतदान दर्ज किया गया।
DM-SP रहे भ्रमणशील, पुलिस की तगड़ी नाकेबंदी
चुनाव को भयमुक्त और पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सुबह से लेकर मतदान की समाप्ति तक जिले के विभिन्न अतिसंवेदनशील व सामान्य केंद्रों का लगातार तूफानी दौरा किया। जिलेभर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम और भारी पुलिस बल की तैनाती के चलते कहीं से भी किसी अप्रिय घटना या विवाद की खबर नहीं आई।
DM ने जताया सबका आभार
मतदान प्रक्रिया के निर्विघ्न पूरा होने पर जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने राहत की सांस लेते हुए चुनाव में तैनात सभी कर्मचारियों, पुलिस बल, मीडिया जगत और शांति व्यवस्था बनाए रखने में अभूतपूर्व योगदान देने वाले सम्मानित नागरिकों व मतदाताओं का आभार जताया।