चंदौली। स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मंडलायुक्त एवं रिटर्निंग ऑफिसर एस. राजलिंगम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान के दौरान किसी भी अनधिकृत व्यक्ति द्वारा वोट डालने या निर्वाचन व्यवस्था में अनियमितता करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों पर निर्वाचन संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। मतदाताओं की पहचान का विधिवत सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि केवल पात्र और अधिकृत मतदाता ही अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। इसके साथ ही मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और अन्य आवश्यक प्रशासनिक प्रबंध प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चुनाव प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने और निर्वाचन प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मंडलायुक्त ने निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने को कहा, ताकि चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।