बालिका सशक्तिकरण की प्रतीक 'मीना' के जन्मदिन पर चंदौली में भव्य कार्यक्रम हुआ। CDO आर. जगत साई ने उत्कृष्ट महिला सुगमकर्ताओं व पावर एंजेल्स को सम्मानित किया और बेटियों को अपने कक्ष में बुलाकर करियर गाइडेंस दी।
चंदौली। बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रतीक मानी जाने वाली 'मीना' के जन्मदिन के अवसर पर बेसिक शिक्षा विभाग और 'मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान' के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में मीना मंच की गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला सुगमकर्ताओं और 'पावर एंजेल्स' को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी (CDO) आर. जगत साई के समक्ष महिला सुगमकर्ताओं व बालिकाओं ने मीना मंच द्वारा चलाए जा रहे अभियानों का शानदार प्रस्तुतीकरण दिया। सीडीओ ने बालिकाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने बेटियों को अपना लक्ष्य तय कर उसे पाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की सीख दी।
कार्यक्रम का सबसे यादगार पल तब रहा जब सीडीओ ने बालिकाओं को अपने शासकीय कक्ष में आमंत्रित किया। प्रशासनिक व्यवस्था और कामकाज को समझने पहुंची बालिकाओं के उत्सुक सवालों का सीडीओ ने बेहद सहज अंदाज में जवाब दिया और उनका करियर मार्गदर्शन किया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने भी मीना मंच के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर बालिका शिक्षा की जिला समन्वयक अमिता श्रीवास्तव और मानव संसाधन एवं महिला संस्थान की शहनाज विशेष रूप से मौजूद रहीं।